शुक्रवार, 22 जून 2007

भारत का उत्थान तुम कर सकते हो - भाग १

मानव जीवन कि विक्षमताओं के बीच अपने आप को प्रतिष्टित करने के लिए अवं उच्चता प्राप्त करने हेतु जीवन में वह तेज और क्रोध होना आवश्यक हैं जो भीतर से शक्ति को जाग्रत कर सके। प्रस्तुत प्रवचन में सदगुरुदेव ने शिष्योंको को एक ललकार भावना देते हुए उन्हें अपने व्यक्तित्व से पहचान कराने का उत्साह जगाया है, जिससे शिष्य कुछ बन सके। गुरुदेव कि ओजस्वीवाणी में यह महान प्रवचन -

आज से हजारों वर्ष पहले सिंधु नदी के किनारे पहली बार आर्यों ने आंख खोली, हमारी पूर्वजों ने पहली बार अनुभव किया कि ज्ञान भी कुछ चीज़ होती है, पहली बार उन्होने एहसास किया कि जीवन मे कुछ उद्देश्य भी होता है, कुछ लक्ष्य भी होता है, तब उन्होने सबसे पहले गुरू मंत्र रचा, गुरू की ऋचाओँ को आवाहन किया। और भी देवताओं का कर सकते थे, भगवान रुद्र का कर सकते थे, विष्णु का कर सकते थे, उन ऋंषियों के सामने ब्रह्मा थे, इंद्र थे, वरुण थे, यम थे, कुबेर थे, सैकड़ों थे।

मगर सबसे पहले जिस मंत्र कि रचना कि या संसार मे सबसे पहले जिस मंत्र कि रचना हुई, वह गुरू मंत्र था। गुरू शरीर नही होता, अगर आप मेरे शरीर को गुरू मानते है तो गलत है आप, यदि मुझ में ज्ञान ही नही है तो फिर मैं आपका गुरू हूं ही नही।

यदि आप एक-एक पैसा खर्च करते है तो मेरे ह्रदय मे भी उस एक-एक पैसे कि वैल्यू है। मै उतने ही ढंग से आपको वह चीज़ देना चाहता हूं और आप उतनी ही पूर्णता के साथ उसे प्राप्त करें तब मेरा कोई अर्थ है। अन्यथा ऐसा लगता है कि आप मुझे दे रहे हैं और मैं भी फोर्मलिटी निभा रहा हूं ऐसा मै नही करना चाहता।

फोर्मलिटी बहुत हो चुकी। फूलों के हार बहुत पहन चूका, आपकी जय जयकार बहुत सुन चूका, टाँगे, बग्गी गाडी मे बहुत चढ़ चूका, हवाई जहाज मे यात्रा कर चूका, विदेश मे यात्रा कर चूका, यह सब बहुत हो चूका। बेटे, पोते, पोतियां, गृहस्थ और संन्यास जीवन सब देख चूका। संन्यास क्या होता है वह भी उच्च कोटी के साथ देख चूका। अब बस एक बात रह गई है कि जितने शिष्य है उन सबको अपने आप में सुर्य बनायें अद्वितीय बनायें। अब केवल इतनी इच्छा रह गई है। और कुछ इच्छा ही नही रह गई है।

सम्राट होते होंगे, मैंने देखा नही सम्राट कैसे होते है, मगर सम्राटों के सिर भी गुरू के चरणों मे झुकते है, उनके मुकुट भी गुरू के चरणों मे पड़ते हैं यदि वह सही अर्थों मे गुरू है, ज्ञान, चेतना युक्त है।

हम अपने आप मे इस शरीर को उतना उत्थानयुक्त बना दें, उतना चेतनायुक्त बना दें, उस मूल उत्स को जान लें कि हम क्या है? और जब हमारा अपना पिछला जीवन देखना शुरू कर देंगे तो आपको इतने रहस्य स्पष्ट होंगे कि आपको आर्श्चय होगा कि क्यों मेरे जीवन मैं ऐसा था, क्यां मैं इतनी ऊंची साधनाएं कर चूका था, फिर मैं इतना कैसे गिर गया? क्या हो गया मेरे साथ?

यह कैसा अटैचमेंट था गुरू के साथ? इतना अटैचमेंट था कि मैं गुरू के बिना एक मिनट भी नही रह सकता था, अब मैं दो-दो महिने कैसे निकाल देता हूँ। जब आपको पिछला जीवन देखने कि क्रिया प्रारंभ होने लगेगी, तब आप एक क्षण भी अलग नही रह पाएंगे, तब एहेसास होगा कि हम बहुत बड़ा अवसर खो रहे है, बहुत बडे समय से वंचित हो रहे हैं, क्षण एक-एक करके बीतते जा रहे है और जो क्षण बीतते जा रहे हैं वें क्षण लॉट कर नहीं आ सकते। जो समय बित गया, बित गया। बित गया तो समय निकल गया, इस शरीर में भी एक सलवट और बढ गई, कल एक और सलवट बढ जाएगी।

अगर सर्प ऐसा कर सकता है, कायाकल्प कर सकता है, अपनी पुरी केंचुली को, झुर्रीदार त्वचा को, अपने बुढ़ापे को निकाल कर एक तरफ रख देता है, पुरा नवीन ताजगी युक्त वापस शारीर उसका बन सकता है तो हमारा क्यों नही बन सकता ?

इसलिये नही बन सकता क्योंकि केवल उस वासुकी के पास यह ज्ञान रह गया है और हमने उसे समझा नही, हमने बस उसको विषैला समझ लिया, जहरीला समझ लिया। आपने उसके ज्ञान को नही समझा। आपने मुझे फूलों के हार पहना दिए, जय जय कार कर दिया मगर आप मेरा ज्ञान नही समझ पाये। जब ज्ञान नही ग्रहण कर पाएंगे तो फिर एक बहुत बड़ा अभाव आपके जीवन मे भी रहेगा। मेरे जीवन मे भी रहेगा कि यह ज्ञान, यह चेतना आप प्राप्त नहीं कर पाए। यह ज्ञान, यह चेतना यां तो पुस्तकों मे मिल पाएगी या प्रामाणिक होगी। और मैं ऐसा कोई ग्रंथ लिखना चाहता भी नहीं कि मेरे मरने के पांच सौ साल बाद भी कोई कहे कि इसमे गलती है। पांच सौ साल बाद भी लोग कहे कि यह तो बिलकुल नवीन और प्रामाणिक है एक चेतना युक्त है। वैसा ग्रंथ मैं आपको बनाना चाहता हूँ।

आप आपने आप को कायर या बुजदिल समझते हैं, आप आपने बारे में समझते हैं कि आप कुछ कर नही सकते। मैं प्रवचन बोल कर भी जाऊंगा तो मुझे मालूम है कि आप सब कुछ सुनने के बाद भी वही खडे रह जायेंगे कि मैं क्या कर सकता हूँ, इस उम्र मे होगा भी क्या, अब करने से लाभ भी क्या, अब मैं तो बुढा हो गया मेरा तो शरीर कमजोर है, अब मैं कुछ नहीं कर सकता।

यह आपके जीवन कि हीन भावना बोल रही है आप नहीं बोल रहे हैं। आपके ऊपर समाज ने जो प्रहार किए, वे बोल रहे हैं, आप नहीं बोल रहे हैं। आपके जीवन में जो दुःख है उन दुखों ने आपको इतना बोझिल बना दिया है वह बोल रहे हैं। वृध्दावस्था आ ही नहीं सकती, संभव नही हैं। बुढ़ापा तो एक शब्द है, नाम है। हमने एक नाम लिया कि बुढ़ापा है। बुढ़ापा शब्द क्या चीज है?

भारत का उत्थान तुम कर सकते हो- भाग २

मैंने तो नब्बे साल के लोगों को भी मुस्कुराते हुए, खिलखिलाते और ज्ञान प्राप्त करते हुए देखा है। जब इंग्लैंड पर जर्मनी ने बमबारी की और सारा ध्वस्त कर दिया तो ८२ साल के चर्चिल ने पुरे इंग्लैंड को संभाला, प्रधान मंत्री बन कर के वापस अपने देश को खड़ा कर दिया, ताकतवान बनाकर के। ७२ साल कि उम्र मे! अब आप पता नही ८२ साल की उम्र ले भी पाएंगे या नहीं ले पाएंगे।

तो क्या गुरुजी हम ८२ साल की उम्र ले ही नहीं पाएंगे? क्या चर्चिल ही ले पायेगा?

आप नब्बे साल नही ८२ सौ साल भी ले सकते, आप ले सकते हैं यदि आपके पास वह विद्या हो। यदि आपके पास ज्ञान हो कि मैं कायाकल्प कैसे करूं तो वह चीज आपको प्राप्त हो सकेगी। आपके पास एक भी विद्या रह पायेगी तो आने वाली हजारों पीढियां आपसे शिक्षा ग्रहन कर पाएंगी। आप सही अर्थों मे ग्रंथ बन पाएंगे, सही अर्थों मे सबसे ज्यादा प्रिय मुझे बन पाएंगे। तब मैं गर्व करुंगा कि आप मेरे शिष्य हैं।

मैं तो आपको चैलेंज देता हूँ, मैं दो टुक साफ कहता हूँ। मुझसे भी बडे विद्वान होंगे, मगर आप बाजार से जाकर कोई ग्रंथ लाइए। आप लाइए और मैं बीस किताबें और रख देता हूँ देखिए। इन सबमें चीजें ज्यों कि त्यों हैं, कुछ लाईने, इधर कर दी और कुछ लाईने उधर कर दी है और पोथी भरकर आपके सामने रख दी है। वही चीज हरेक में है चाहे मंत्र महोदधि लाईए, चाहे मन्त्र महार्णव लाईए, चाहे मंत्र सिंधु लाईए। मंत्र चिन्तन लाईये, मंत्र धटक लाईए। वे ग्रंथ तो मंत्रों पर है पर सबमे एक ही चीज हैं। एक ही बात को रिपीट कर दिया है, उनके छः संस्कारण बना दिए हैं।

क्या नवीनता है उनमे? क्या किसी ने कहा है कि सर्प के पास ज्ञान है हमारे पास क्यों नहीं? किसी ने इस पर चिंतन किया ?

और आप कह रहे हैं कि आप बुजदिल हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप किस कोने से बुजदिल हैं जिससे कि मैं उस कोने को निकल दूं कि किस कोने से हम कायर हैं, इस कोने से कमजोर हैं तो उस हिस्से को काट दूं और वापिस नए सिरे से आपको तयार कर दूं। आप हैं नहीं कमजोर, आपने मान लिया है। और मानना इसलिये पड़ा है क्योंकि आपके जीवन मे वास्तव मे बाधाएं, अड़चने, कठिनाईयां आई हैं। मगर ये समस्याएं केवल आप पर ही नहीं आई।

ऐसा नहीं है कि कलियुग में ही साधनायें नही हो पा रही हैं। गुरू जीं कलियुग आ गया और कलियुग में साधनायें नही हो पातीं। और सैकड़ों लोग ऐसा कहते हैं कि अब कैसे हो पायेगी चारों तरफ आप देख रहे हैं। मै भी चारों तरफ देख रहा हूँ कि कभी बम विस्फोट हो रहे हैं कभी पंजाब में हो रहे हैं कभी दिल्ली में हो रहे हैं, पुरे भारत वर्ष में हो रहे हैं। यह क्या हो रह हैं, क्यों हो रहा हैं?

इसलिये हो रह हैं कि हम कमजोर हैं। हमने अख़बार पढा, देखा और फिर अखबार को छोड दिया हममें क्षमता नहीं है वह कि हम उसको रोक सकें, और अगर विज्ञान रोक पाता तो फिर ये इतने लड़ाई झगड़े होते ही नहीं, इतने बम नहीं फटते। इसका मतलब इन समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहा है। अगर कर पाता तो रोज अखबार में ये समस्याएं नहीं आ पाती।

उस चीज को आप लोगों में से अगर कोई एक बार समझ ले तो वह ज्ञान अगले तीन सौ, साल तक रह सकेगा। उस कायाकल्प को करें तो जैसे नविन सर्प निकलता, है तो आप निकल सकते हैं। वह तब हो पायेगा जब बुजदिली आप समाप्त कर देंगे, जब आप ताकतवान बनेंगे, क्षमतावान बनेंगे।

कुचक्र आज ही नहीं रचे गए, लड़ाई-झगड़े आज ही नहीं हो रहे, कलियुग आज ही पैदा नहीं हुआ, वह तो सतयुग में भी यही समस्या थी जिनसे आज तुम जूझ रहे हो। तुम मुझे बार-बार कह रहे हो कि कलियुग मैं कैसे साधनायें संपन्न करेंगे तो मै कह रहा हूँ द्वापर युग मे, त्रेता युग में, कितने षड़यंत्र हुए महलों मे, उस केकैयी के रुप जाल में फंस कर के दशरथ ने जो उनकी निति थी, धर्म था कि सबसे बडे बेटे को राजगद्दी पर बिठाया जाए। उसको भुलाकर उसे जंगल भेज दिया। एक छोटे बेटे को राजगद्दी पर बिठा दिया। यह षड्यंत्र नहीं था क्यां?

और उस केकैयी का षड्यंत्र यह कि राम यहां रहेगा तो फिर लड़ाई-झगड़े होंगे। इसको जंगल मे ही भेज दिया जाये। क्या षड्यंत्र उस समय नहीं होते थे? क्या आज ही होते हैं? क्या उस समय अपहरण नही होते थे ? क्या रावण सीता को नहीं ले गया? क्या द्वापर युग मे लडाईयां नहीं होती थी?

इतनी लडाइयां होती थी कि आज तो होती ही नहीं है। भरी सभा मे बहु को नंगा किया जा रहा है, साडी खींची जा रही है और उसके पांचों पति मुंह निचे लटकाए खडे हैं, उनका दादा भीष्म सिर निचे लटकाए खङा है, यह क्या था?

तो कौन सा युग तुम्हारा द्वापर युग है? राम राज्य कौन सा हो गया? मुझे बता दीजिए कि राम राज्य में कुछ नहीं हुआ वहां लड़ाई झगड़े हुए ही नही, वहां पर कोई किडनैप नहीं हुए। वह उस समय भी होते थे वे षड्यंत्र द्वापर में भी थे, सतयुग मे भी थे। तब भी हुए और कलियुग में भी हो रहे हैं। हो इसलिये रहे हैं कि मनुष्य जब तक बदलेगा नहीं, परिवर्तित नहीं होंगी तब तक ये घटनाएं घटित होंगी।

आपके मन में है कि आज कलियुग में साधनायें सफ़ल नहीं हो सकती मैं तो कहता हूँ कि कलियुग मे फिर भी हो सकती हैं क्योंकि इस समय सड़क पर किसी स्त्री को एकदम से नंगा नहीं कर सकते, एकदम से पचास आदमी लाठी लेकर खडे हो जायेंगे। उस समय तो भरी सभा में सैकड़ों लोगों के बीच मे ऐसा हुआ। कैसे पति थे वो? कैसे पितामह थे? क्या थे वो?

तब जुआ खेला जाता था और अपनी पत्नी को दांव पर लगा दिया जाता था यह तुम्हारा द्वापर युग था। हक़ीकत और इतिहास तो यह है। मगर हम प्रत्येक मृत को स्वर्गवासी कहते हैं, नरकवासी कहते ही नहीं हैं। कहा गए? स्वर्गवासी हो गए।

भारत का उत्थान तुम कर सकते हो- भाग ३

अब उन्होने जिंदगी भर पाप किया तो स्वर्गवासी हुए या नरकवासी हुए हम कह नही सकते। हम अपने आपमें नहीं कह सकते कि राम राज्य कैसा था, द्वापर युग कैसा था? हां, कृष्ण आपने आप मे सुर्य थे, वह युग कैसा था यह आपको बता रहा हूँ। युग आज भी वैसा ही है। युग नहीं बदल सकता, आदमी बदल सकता है। आदमी ज्ञान ले सकता है।

कृष्ण ने अकेले ने सब करके दिखा दिया। आप कल्पना करें एक तरफ कौरवों कि अक्षौहिणी सेना खडी है, एक तरफ पांडव खडे है बीच मे कृष्ण खडे है और उस अकेले व्यक्ति ने निश्चय कर लिया कि मैं कोई शत्र नहीं उठाऊंगा और उन पांच लोगों के सहारे पर कुरुक्षेत्र कि लड़ाई जित लिया पुरे महाभारत के युद्घ को जित लिया।

और आपके पास एक गुरू बैठा है और इस पुरे संसार को आप जित नहीं सकते तो फिर आप कमजोर हैं, मैं कमजोर नहीं हूं, फिर आपमें न्यूनता है मुझमें न्यूनता नही है। यह मेरी बात थोड़ी कड़वी हो सकती है।

मै भी अपने पिता जी कि प्रशंसा करता रहता हूं अपने दादाजी कि प्रशंसा करता रहता हूं कि बहुत महान थे, हम ऋषियों के परम्परा कि प्रशंसा ही करेंगे क्योंकि जो मर गए उनकी प्रशंसा ही कि जति है, उनके अवगुणों को देखा नही जाता। मर गए तो मर गए बस, सतयुग चला गया, द्वापर चला गया। मगर यह षड्यंत्र, यह कुचक्र, यह धूर्त यह मक्कारी, यह चल, यह झूठ, यह कपट, यह व्यभिचार। यह असत्य उस जमाने भी उतने ही थे जितने कि आज हैं। मगर उस जमाने में भी साधनाओं में सिद्धि होती थी क्योंकि उनके पास गुरू थे। गुरुओं को सम्मान था, राजा के पुत्र होते हुए भी दशरथ ने अपने पुत्रों को विश्वामित्र के पास भेज दिया कि तुम जाओ और धनुर्विद्या सीखो, तुम्हे वही जाना पड़ेगा। कहां ठेठ मथुरा, उत्तर प्रदेश में और कहां ठेठ मध्य प्रदेश वहां कृष्ण को भेजा क्योंकि उच्च कोटी का ब्राह्मण संदिपन वहां था। बीच मे क्या कोई उच्च कोटी का साधू सन्यासी था ही नही? क्यों नही उनके पास भेजा?

उन्होने जाना कि वह व्यक्ति अपने आपमें अद्वितीय ज्ञान युक्त है, उसके पास भेजना ही पड़ेगा। वो ट्यूशन पर गुरू को रख सकते थे। विश्वामित्र राजा कि प्रजा है, दशरथ कह सकते थे कि आपको चार किलो धान ज्यादा देंगे आप यहाँ आकर पढाइए। ज्ञान ऐसे प्राप्त नहीं हो सकता। ज्ञान के लिए फिर आपको शिष्य बनना पड़ेगा, आपको गुरू के पास पहुंचना पडेगा, आपको गुरू के सामने याचना करनी पडेगी और हम साधना में सिद्धि इसलिये नहीं प्राप्त कर रहे हैं, क्योंकि हम कमजोर महसूस करने लग गए हैं, कमजोरी आपके मन मे, जीवन में आ गयी है, कमजोर आप हैं नहीं।

जब दक्ष ने महादेव को यज्ञ में नहीं बुलाया तो .... महादेव तो अपने आप मे बहुत भोले हैं।महोक्ष खटवांग परशु फलिण चेती यः ......

श्मशान मे बैठें रहते हैं और कही कोई कमाने कि चिन्ता नही है, ना नौकरी करते है, न व्यापार करते हैं, कुछ करते ही नहीं ड्यूटी पर भी नही जाते, कपडे कि दुकान खोलते ही नही बस सांप लिपटाए बैठे हैं मस्ती के साथ में और उसके बाद भी जगदम्बा, जो लक्ष्मी का अवतार है, उनके घर में हैं और धन-धान्य कि कमी है ही नहीं। निश्चिन्तता है। निश्चिंत है इसलिये देवता नहीं कहलाए वो, महादेव कहलाए।

उन्होंने साधनाएं कि। महादेव ने भी कि, ब्रह्म ने भी कि, विष्णु ने भी कि। इंद्र ने भी कि। बिना साधनाओं के जीवन में सफ़लता प्राप्त नहीं हो सकती। मगर साधना मे सफ़लता तब प्राप्त हो सकती है जब आपकी कमजोरी, आपकी दुर्बलता, आपका भय, आपकी चिंता, आपका तनाव दूर हो और तनाव मेरे कहने से दूर नहीं हो पाएगा। मैं यहाँ से बोल कर चले जाऊं तो उससे तनाव नहीं मिट सकता। मैं कहूं कि अब तकलीफ नहीं आये तो उससे तकलीफ नहीं मिट सकती।

मैं बता रहां हूं कि वास्तविकता यह है। आप ज्योंही जायेंगे घर में तो तनाव तकलीफ, बाधाएं, कठिनाईयां वे ज्यों कि त्यों आपके सामने खडी होंगी। उससे छुटकारा पाएंगे तो साधना में बैठ पाएंगे। तो गुरू कि ड्यूटी है, गुरू का धर्म है कि उन साधनाओं को प्राप्त करने के लिए शिष्यों को निर्भय बना दिया जाए, जो कमजोर उनके जीवन के क्षण है जो मन मे कमजोरी है या दुर्बलता है उसे दूर कर दिया जाए। और क्षमता के साथ ही उन दुर्बलताओं को दूर किया जा सकता है, उन पर प्रहार करके ही विजय प्राप्त कि जा सकती है री रियाकर या प्रार्थना करके नहीं। और हमारे तो आराध्य महादेव हैं जो प्रखर व्यक्तित्व के स्वामी हैं जो प्रहार करने से विध्वंस करने से कभी हिचकते ही नहीं।

विध्वंसक बन करके, क्रोध मे उन्मत्त हो करके महादेव दक्ष के यज्ञ में गए, अपने श्वसुर के यज्ञ मे गए जहां ब्राह्मण, योगी, यति, सन्यासी आहुतियां दे रहे थे, वेद, मंत्र बोल रहे थे। उन्होंने एक लात मारी और यज्ञ को विध्वंस कर दिया, वेदी को तोड़ दिया अग्नि को बुझा दिया।

क्योंकि उससे पहले सती ने सोचा कि सब देवताओं यज्ञ में बुलाया गया, मेरे पति को नहीं बुलाया गया, इससे बड़ा क्या अपमान हो सकता है तो वह खुद यज्ञ कुण्ड में कूद गयी। आधी जली तो बाहर निकाला गया।

और भगवान् शिव .....

भगवान तो वह होता है जिसमे ज्ञान हो। भगवान अपने, आपमें कोई अजूबा नहीं है कि जो नई चीज पैदा हुआ वह भगवान है। भगवान तो आप सब हैं। यह शंकराचार्य स्पष्ट कर चुके हैं, और प्रत्येक मनुष्य राक्षस है, हम क्या हैं यह आपको चिन्तन करना है।