गुरुवार, 26 फ़रवरी 2009

तंत्र की दृष्टी में होली एक विशेष पर्व

तंत्र के आदि गुरु भगवान् शिव माने जाते है और वे वास्तव में देवों के देव महादेव है। तंत्र शास्त्र का आधार यही है की व्यक्ति का ब्रह्म से साक्षात्कार हो जाये और उसका कुण्डलिनी जागरण हो तथा तृतीय नेत्र (Third Eye) एवं सहस्रार जागृत हो।

भगवान् शिव ने प्रथम बार अपना तीसरा नेत्र फाल्गुन पूर्णिमा होली के दिन ही खोला था और कामदेव को भस्म किया था। इसलिए यह दिवस तृतीय नेत्र जागरण दिवस है और तांत्रिक इस दिन विशेष साधना संपन्न करते है जिससे उन्हें भगवान् शिव के तीसरे नेत्र से निकली हुई ज्वाला का आनंद मिल सके और वे उस अग्नि ऊर्जा को ग्रहण कर अपने भीतर छाये हुए राग, द्वेष, काम, क्रोध, मोह-माया के बीज को पूर्ण रूप से समाप्त कर सकें।

होली का पर्व पूर्णिमा के दिन आता है और इस रात्रि से ही जिस काम महोस्तव का प्रारम्भ होता है उसका भी पूरे संसार में विशेष महत्त्व है क्योंकि काम शिव के तृतीय नेत्र से भस्म होकर पुरे संसार में अदृश्य रूप में व्याप्त हो गया। इस कारण उसे अपने भीतर स्थापित कर देने की क्रिया साधना इसी दिन से प्रारम्भ की जाती है। सौन्दर्य, आकर्षण, वशीकरण, सम्मोहन, उच्चाटन आदि से संबन्धित विशेष साधनाएं इसी दिन संपन्न की जाती है। शत्रु बाधा निवारण के लिए, शत्रु को पूर्ण रूप से भस्म कर उसे राख बना देना अर्थात अपने जीवन की बाधाओं को पूर्ण रूप से नष्ट कर देने की तीव्र साधनाएं महाकाली, चामुण्डा, भैरवी, बगलामुखी धूमावती, प्रत्यंगिरा इत्यादि साधनाएं भी प्रारम्भ की जा सकती हैं तथा इन साधनाओं में विशेष सफलता शीघ्र प्राप्त होती है।

काम जीवन का शत्रु नहीं है क्योंकि संसार में जन्म लिया है तो मोह-माया, इच्छा, आकांक्षा यह सभी स्थितियां सदैव विद्यमान रहेंगी ही और इन सब का स्वरुप काम ही हैं। लेकिन यह काम इतना ही जाग्रत रहना चाहिए कि मनुष्य के भीतर स्थापित शिव, अपने सहस्रार को जाग्रत कर अपनी बुद्धि से इन्हें भस्म करने की क्षमता रखता हो।

और फिर होली का पर्व ... दो महापर्वों के ठीक मध्य घटित होने वाला पर्व! होली के पंद्रह दिन पूर्व ही संपन्न होता है, महाशिवरात्रि का पर्व और पंद्रह दिन बाद चैत्र नवरात्री का। शिव और शक्ति के ठीक मध्य का पर्व और एक प्रकार से कहा जाएं तो शिवत्व के शक्ति से संपर्क के अवसर पर ही यह पर्व आता है। जहां शिव और शक्ति का मिलन है वहीं ऊर्जा की लहरियां का विस्फोट है और तंत्र का प्रादुर्भाव है, क्योंकि तंत्र की उत्पत्ति ही शिव और शक्ति के मिलन से हुई। यह विशेषता तो किसी भी अन्य पर्व में सम्भव ही नहीं है और इसी से होली का पर्व का श्रेष्ठ पर्व, साधना का सिद्ध मुहूर्त, तांत्रिकों के सौभाग्य की घड़ी कहा गया है।

प्रकृति मैं हो रहे कम्पनों का अनुभव सामान्य रूप से न किया जा लेकिन महाशिवरात्रि के बाद और चैत्र नवरात्रि के पहले - क्या वर्ष के सबसे अधिक मादक और स्वप्निल दिन नहीं होतें? ... क्या इन्हीं दिनों में ऐसा नहीं लगता है कि दिन एक गुनगुनाहट का स्पर्श देकर चुपके से चला गया है और सारी की सारी रात आखों ही आखों में बिता दें ... क्योंकि यह प्रकृति का रंग है, प्रकृति की मादकता, उसके द्वारा छिड़की गई यौवन की गुलाल है और रातरानी के खिले फूलों का नाशिलापन है। पुरे साल भर में यौवन और अठखेलियां के ऐसे मदमाते दिन और ऐसी अंगडाइयों से भरी रातें फिर कभी होती ही नहीं है और हो भी कैसे सकती हैं ....

तंत्र भी जीवन की एक मस्ती ही है, जिससे सुरूर से आंखों में गुलाबी डोरें उतर आते हैं, क्योंकि तंत्र का जानने वाला ही सही अर्थ में जीवन जीने की कला जानता है। वह उन रहस्यों को जानता हैं जिनसे जीवन की बागडोर उसके ही हाथ में रहती है और उसका जीवन घटनाओं या संयोगों पर आधारित न होकर उसके ही वश में होता है, उसके द्वारा ही गतिशील होता है। तंत्र का साधक ही अपने भीतर उफनती शक्ति की मादकता का सही मेल होली के मुहूर्त से बैठा सकता है और उन साधनाओं को संपन्न कर सकता है, जो न केवल उसके जीवन को संवार दे बल्कि इससे भी आगे बढ़कर उस उंचे और उंचे उठाने में सहायक हो।

इस साल यह होली पर्व मार्च में संपन्न हो रहा है। जो भी अपने जीवन को और अपने जीवन से भी आगे बढ़कर समाज व् देश को संवारने की इच्छा रखते है, लाखों-लाख लोगों का हित करने, उन्हें प्रभावित करने की शैली अपनाना चाहते है, उनके लिए तो यही एक सही अवसर है। इस दिन कोई भी साधना संपन्न की जा सकती है। तान्त्रोक्त साधनाएं ही नहीं दस महाविद्या साधनाएं, अप्सरा या यक्षिणी साधना या फिर वीर-वेताल, भैरवी जैसी उग्र साधनाएं भी संपन्न की जाएं तो सफलता एक प्रकार से सामने हाथ बाँध खड़ी हो जाती है। जिन साधनाओं में पुरे वर्ष भर सफलता न मिल पाई हो, उन्हें भी एक एक बार फिर इसी अवसर पर दोहरा लेना ही चाहिए।

इस प्रकार होली लौकिक व्यवहार में एक त्यौहार तो है लेकिन साधना की दृष्टी से यह विशेष तंत्रोक्त-मान्त्रोक्त पर्व है जिसकी किसी भी दृष्टी से उपेक्षा नहीं करनी चाहिए। साधक को इस दिन किसी न किसी साधना का संकल्प अवश्य ही लेना चाहिए। और यदि सम्भव हो होली से प्रारम्भ कर नवरात्री तक साधना को पूर्ण कर लेना चाहिए।

- 'फरवरी' २००४ मंत्र-तंत्र-यंत्र विज्ञान

गुरुवार, 12 फ़रवरी 2009

मंत्र शक्ति

भगवान् राम के पूर्वज सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र के जीवन का एक प्रसंग है - एक बार लंका नरेश रावण, राजा हरिश्चंद्र की तपश्चर्या से प्रभावित होकर उनके दर्शन करने आया।

राजमहल के द्वार पर पहुंचकर रावण ने द्वारपाल को अपने आने का प्रयोजन बताया और कहा - 'मैंने राजा हरिश्चंद्र की तपस्या और मंत्र साधना के विषय में काफी प्रशंसा सूनी है, मैं उनसे कुछ सीखन की कामना लेकर आया हूं।'

द्वारपाल ने रावण को उत्तर दिया - 'हे भद्र पुरूष! आप निश्चय ही हमारे राजा से मिल सकेंगे, किन्तु अभी प्रतीक्षा करनी होगी, क्योंकि अभी वे अपनी साधना कक्ष में साधना, उपासना आदि कर रहे हैं।'

कुछ समय बाद द्वारपाल रावण को साथ लेकर राजा के पास गया। रावण ने झुककर प्रणाम किया और राजा हरिश्चंद्र से अपने मन की बात कही, की वह उनसे साधनात्मक ज्ञान लाभ हेतु आया है।

वार्तालाप चल ही रहा था, की एकाएक राजा हरिश्चंद्र का हाथ तेजी से एक ओर घुमा। पास रखे एक पात्र से उन्होंने अक्षत के कुछ दानें उठाएं और होठों से कुछ अस्पष्ट सा बुदबुदाते हुए बड़ी तीव्रता से एक दिशा में फ़ेंक दिए। रावण एकदम से हतप्रभ रह गया, उसने पूछा -

'राजन! यह आपको क्या हो गया था?'

राजा हरिश्चंद्र बोले - 'यहां से १४० योजन दूर पूर्व दिशा में एक हिंसक व्याघ्र ने एक गाय पर हमला कर दिया था, और अब वह गाय सुरक्षित है।' रावण को बड़ा अचरज हुआ, वह बिना क्षण गवाएं इस बात को स्वयं जाकर देख लेना चाहता था। चलते-चलते रावण जब उस स्थल पर पहुंचा, तो देखा की रक्तरंजित एक व्याघ्र भूमि पर पडा है। व्याघ्र को अक्षत के वे दाने तीर की भांति लगे थे, जिससे वह घायल हुआ था। राजा हरिश्चंद्र की मंत्र शक्ति का प्रमाण रावण के सामने था।

आज भी मंत्रों में वही शक्ति है, वही तेजस्विता है, जो राजा हरिश्चंद्र के समय थी। आवश्यकता है, तो मनःशक्ति को एकाग्र करने की, पूर्ण दृढ़ता के साथ मंत्रों का ह्रदय से उच्चारण करने की।

मंत्र-तंत्र-यंत्र विज्ञान, जनवरी २००९

गुरुवार, 29 जनवरी 2009

सदगुरुदेव का नव वर्ष संदेश - जिन्हें अवश्य अपनाएं

नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं,

हमें गर्व है कि हमारा सिद्धाश्रम साधक परिवार, सदगुरु कृपा से निरंतर बढ़ता जा रहा है। अब समय आ गया है कि यह परिवार संगठित रूप से महान कार्य कर सकता है और प्रत्येक साधक क्रियाशील है। साधक और शिष्य होने के साथ आपका घर-परिवार, गुरु, समाज सबके लिए कर्तव्य है और आप में क्षमता है कि आप सहज रूप से इन्हें पूरा कर सकते है।

आओ हम सब मिलकर स्वागत करें, नूतन वर्ष का...
कुछ विशेष संदेश, जिन्हें अवश्य अपनाएं


* अपने लिए और अपने परिवार के लिये तो हर कोई जीता है। मनुष्य क्या, पशु-पक्षी भी। आप अपनी उन्नति पर अवश्य ध्यान दे। लेकिन इसके साथ आप समाज के प्रति भी कर्तव्य है इस हेतु कुछ न कुछ कार्य अवश्य करें। समाज की कुछ निस्वार्थ सेवा का संकल्प अवश्य लें और करें।

* इस प्रकृति ने आपको बहुत कुछ दिया है, इसका ऋण कभी भी नहीं उतर सकता है। इसकी सेवा का एक ही उपाय है कि आप वृक्ष लगाएं। वृक्ष लगाकर भूल नहीं जाये उनका पालन-पोषण भी करें। जिस प्रकार आप अपने बच्चे का पालन-पोषण करते हैं उसी प्रकार उनका ध्यान रखते हुए उन्हें पनपाएं।

* वर्ष में एक बार परिवार के साथ भ्रमण हेतु तीर्थ स्थल अथवा किसी पर्यटन स्थल पर अवश्य जाएं।

* आप शिष्य है और गुरु आपसे इतना ही चाहते है कि वर्ष में एक बार उनसे मिलने किसी शिविर अथवा गुरुधाम, जोधपुर, दिल्ली में अवश्य आयें।

* आप स्वयं विचार करें कि आपकी आदतों में कौन-सी आदत सबसे बुरी है, बस उस आदत को छोड़ दें। शुरुआत तो करें।

* टीवी देखना, फ़िल्म देखना कोई बुरी बात नहीं है लेकिन इसकी अति भी उचित नहीं है। इसके साथ ही नित्य प्रति पुस्तकें और अच्छा साहित्य आदि पढ़ने की भी आदत डालें।

* अपने घर में नित्य पूजन अवश्य करें, यह पूजन केवल धुप-दीप से भी हो सकता है। पांच मिनट के लिये हे करें, लेकिन करें अवश्य।

* आपको गुरु आरती याद है यह बहुत अच्छी बात है। इसके साथ ही आपको 'राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत' 'जन-गण-मन...' और 'वन्देमातरम...' भी अवश्य याद होना चाहिए।

* मैं नहीं कहता की होटल , रेस्टोरंट इत्यादि में बाहर कभी खाना खाएं ही नहीं लेकिन इतना तो अवश्य कहूंगा कि ये पिज्जा, सैंडविच, बर्गर, कोल्ड-ड्रिंक्स, खाना उचित नहीं है। इन्हें छोड़ दें, आप छोड़ देंगे तो बच्चे भी छोड़ देंगे तथा शरीर स्वस्थ बनेगा।

* स्वस्थ जीवन के लिये आवश्यक है कि थोडा शारीरिक व्यायाम किया जाये, नित्य प्रति भ्रमण-व्यायाम, योगाभ्यास की आदत डाले तो आधी से आधिक बीमारियां तो आपके पास आयेगी ही नहीं।

* आपको क्रोध आता है यह ठीक भी हो सकता है और नहीं भी। इसका निर्णय तो क्रोध शांत होने पर आप स्वयं ही कर सकते है। लेकिन क्रोध में गालियां, अपशब्द बोलना तो बिल्कुल भी उचित नहीं है। इसे छोड़ दे।

* अपनी पत्नी तथा बच्चों की तुलना कभी भी दूसरों से नहीं करें। आपके घर को आपकी पत्नी ने ही संवारा है और बच्चे आपका ही स्वरुप है, उन्हें पूरा प्यार दें।

* शरीर में निरन्तर नया रक्त बनता रहता है और यह क्रिया जीवन भर चलती रहती है। यदि आप छः महीने में एक बार रक्तादान करते है तो उससे कोई कमजोरी नहीं आयेगी, रक्त दान समाज की सबसे बड़ी सेवा है। विचार कीजिये कि आपका खून किसी की जान बचा रहा है।

* विश्वास की शक्ति पर भरोसा रखें, विश्वास और दृढ़ विश्वास आपको लक्ष्य प्राप्ति में सहायक होगा।

* कोई आपकी थोडी प्रशंसा कर देता है तो आप गर्व से फूल जाते है और कोई आपकी थोडी निंदा करता है तो आप क्रोध से भर जाते है या डर जाते है। याद रखे कि आपका स्वयं का एक व्यक्तित्व है जो प्रशंसा और निंदा के अधीन नहीं है। स्वयं को जानिये।

* गुरु और देवता में आस्था का भाव जागृत होना एक महान घटना है और आस्था में चमत्कारिक शक्ति है। छोटी-मोटी बातों से अपनी आस्था का भाव मन से मत हिलायिये, आपकी आस्था हिमालय के समान दृढ़ और अविचलित होनी चाहिए।

* क्या आप कभी कोई गीत-गाते है कोई वाद्य यंत्र बजाते है अथवा गुन-गुनाते है। और कुछ नहीं तो चुपचाप कुछ सोचते हुए ताली ही बजाएं। एक बार इसे भी अपना के देखिये, आप किस प्रकार मन को शक्ति देते है और आनंद आता है।

* यह जीवन आपका है, कोई रेडिमेड कपडा अथवा कंपनी का शो-रूम नहीं है। जीवन को ख़ुद हि गढ़ना पड़ता है। जीवन जीने का ढंग आपको ही बनाना है। आप शुरुआत तो कीजिये।

ये सब आप कर सकते है, क्योंकि आप साधक है, शिष्य है और गुरु तो सदगुरुदेव निखिल है।
नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं।
- गुरुदेव
मंत्र-तंत्र-यंत्र विज्ञान, जनवरी २००९