रविवार, 28 मार्च 2010

गुरु कृपा से कुल देवी की कृपा

 गुरु आये और मैं जान भी नहीं पाया 
लेकिन
गुरुदेव तो कृपालु है,
इस जन्म के क्या पूर्व जन्म के शिष्यों का ध्या रखते है 
जब मैंने कुल देवी की कृपा प्राप्त की

यद्यपि मैं संन्यासी तो नहीं रहा हूं, पर अपनी आदतों और स्वाभाविक प्रवृत्तियों को देखकर मैं अपने आप को किसी संन्यासी से कम भी नहीं समझता था| अकेले ही जंगलों में भटकना, और जड़ी-बूटियों की खोज करना यह मेरा बचपन से शौक था| यद्यपि आज मैं एक नागरिक जीवन व्यतीत कर रहा हूं, परन्तु आज भी मुझे बचपन के वे दिन याद आ जाते हैं, जब मैं गाँव में अपने पिता  के साथ रहता था| वे गाँव के एक प्रसिद्द वैद्य थे| आज मुझे आयुर्वेद का जो अच्छा ज्ञान है, वह सब उनके साथ रहने से ही हुआ है|

उन दिनों मेरी आयु लगबघ १८ वर्ष की रही होगी| मैं गाँव के समीपवर्ती जंगलों में अमलतास, गिलोय, अपामार्ग, श्वेतार्क, सर्पगंधा, कठ्चंपा आदि औषधियों की तलाश में गया था| प्रकृति के मध्य जब मैं होता हूं तो प्रायः उसमें खो जाता हूं, और उस दिन मैं अपनी मस्ती में जंगल से सुदूर भीतर आ पहुंचा था, जिस स्थान पर शायद ही कोई आया हो| इस का एहेसास मुझे तब हुआ, जब आसमान से हल्की-हल्की फुहारें शरीर पर पड़ने लगी| बरसात का मौसम चल रहा था, औषधियों को ढूँढना तो दूर मैं उमड़ते मेघों को ही देखता रहा, बारिश मूसलाधार हो रही थी, मैं बारिश के रुकने तक पीपल के एक पेड़ के नीचे खडा रहा, परन्तु बारिश रुकने का नाम तक न ले रही थी| थोड़ी देर में अन्धेरा गहराने लगा और दिशा भ्रम के कारण मैं घर का मार्ग भूल चुका था| अब मैं सूर्योदय तक वहीँ रुकने को विवश था|

रात्रि के गहन अंधकार में दूर-दूर तक किसी प्रकार की कोई सहायता मिलने का आसार नहीं था| वृक्ष के नीचे खड़े होकर मैं स्वयं को वर्षा से बचाने की चेष्ठा तो कर रहा था, परन्तु फिर भी पानी और ठण्ड से मुझे कंपकंपी सी लग रही थी| कुछ देर में मुझे ऐसा लगा कि दूर कहीं घण्टी बजने की आवाज आ रही हैं, ऐसा लग रहा था कि पास ही कोई मंदिर है, और कोई उसमें आरती या पूजा कर रहा है| मुझे लगा कि यदि मंदिर होगा तो रात्रि में वहां आश्रय मिल सकता है, फिर सुबह घर वापिस निकल चलूँगा| उसी आवाज की दिशा में अँधेरे में आगे कुछ दूर चलने पर गोल चबूतरे पर बना छोटा सा मंदिर दिखाई दिया| मन्दिर के भीतर चिराग का प्रकाश बाहर तक आ रहा था| देखने से लग रहा था, कि मन्दिर पुराणी ईटों से बना हुआ है और उसकी हालत देखकर ऐसा लगता था, जैसे यहां कोई आता नहीं हो| परन्तु अन्दर दीपक होने और घण्टी की आवाज सुनाई देने से इतना तो कहा जा सकता था कि कोई न कोई अवश्य ही वहां का रख रखाव करता है| आस-पास घूमकर भी देखा, परन्तु कोई नजर न आया, तो मैंने मन्दिर में प्रवेश किया| मन्दिर क्या था, चार दीवारों और एक छत से मिलकर बना एक कक्ष मात्र था, जिसमें पूर्व दिशा की ओर एक देवी की मूर्ती स्थापित थी| मूर्ती पुरानी थी, उसके पास दीपक जल रहा था, परन्तु आस पास इतनी अधिक धुल जमी थी, कि यह समझ नहीं आ रहा था, कि जिसने दीपक जला कर रखा है, क्या वह साफ सफाई नहीं करता है|

कुछ भी हो, मैं प्रसन्न अवश्य था, कि मुझे रात्रि में वर्षा से भीगना नहीं पडेगा| यही सोचकर मैंने उस स्थान की साफ सफाई की, मूर्ती पर जमी धुल को झाड-पौंछ कर साफ कर दिया और उस कक्ष को दीपक की रोशनी में पूरा साफ कर लकड़ी के एक तख्ते पर, जो वहीँ रखा था, पर लेट गया, एक मस्त संन्यासी की भांति| दिन भर की थकावट से थोड़ी ही देर में मुझे नींद आ गई|

रात्रि  का दूसरा पहर था, मुझे ऐसा लगा कि धरती हिल रही है और मैं अपने को सम्हाल नहीं पा रहा हूं, वातावरण दुर्गन्ध से भर गया, ऐसा लगा जैसे कोई जानवर पास ही कहीं मर गया हो| मैंने दुर्गन्ध से नाक बंद कर ली, परन्तु आँख से जो दृश्य दिखा उससे मेरी घिग्घी बंध गई - सामने एक औघड लाल लाल आँखें किए मुझे घूरे जा रहा था, उसके हाथ में एक लंबा फरसा था, उसके पुरे शरीर पर गुप्त अंगो को ढकने के अलावा कुछ भी न था| पूरा बदन बेडौल और वीभत्स, कि देखते ही व्यक्ति बेहोश हो जाय| वह दुर्गन्ध उसके ही शरीर से आ रही थी| अब वह मेरी ओर बढ़ रहा था, और मुझे घबराया हुआ देखकर वह जोरों से अट्टाहास करने लगा|

मैं बुरी तरह घबरा गया था, मुझे साक्षात अपनी मृत्यु ही दिखाई दे रही थी, त्योंही मैंने मन्दिर के द्वार के बाहर भागने की कोशिश की, वह भी मेरी ओर जोरों से लपका| मैं पुरी जान लगाकर अंधाधुंद भागता रहा, काफी दूर निकल जाने पर मुझे एक संन्यासी के दर्शन हुए| संन्यासी को देखते ही मेरा भय जाता रहा, मुझे ऐसा लगा कि इस संन्यासी के होते हुए मेरा कोई भी अमंगल नहीं हो सकता है| संन्यासी ने मुझे निर्भय होने के लिये कहा, और बताया कि जिस मन्दिर में तुम अभी थे, वह तुम्हारी कुल की देवी - जंगल माई का मन्दिर है| बस्ती से दूर होने के कारण यह मन्दिर बिल्कुल ही उपेक्षित सा हो गया है| इस मन्दिर में तुम्हारे ही पूर्वजों ने देवी मूर्ती स्थापित की थी, आज से बीस वर्ष पूर्व तक भी लोग इस मन्दिर में पूर्णिमा के दिन और हर शुभ अवसर पर आकर पूजा आदि करते थे, पर अब इसकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है| इसी वजह से इतर योनियों का यहां बसेरा हो गया है, जिससे देवी अप्रसन्न है| यदि इस मन्दिर में पुनः लोग आने लगे, तो उन्हें जंगली माई की कृपा प्राप्त हो सकेगी|

यह बोलकर संन्यासी ने मेरे सर पर हाथ फेरा, मुझे मन में बड़े आनन्द की अनुभूति हुई| मेरा रोम-रोम खिल उठा था, इसी आनन्दतिरेक में मेरी आँख खुल गईं, मैंने देखा कि सुबह होने वाली है, और मैं स्वप्न देख रहा था| आँख खुलने के बाद मुझे मन में विशेष प्रसन्नता अनुभव हो रही थी, मैंने मन्दिर की पुरी धुलाई की, मूर्ती को जल से साफ किया और मन्दिर के बाहर लगे कुछ फूलों को तोड़कर मैं देवी प्रतिमा पर अर्पित किए और प्रणाम कर घर की ओर वापस लौट आया|

रात भर घर न पहुंच सकने के कारण घर पर लोग चिंतित थे, परन्तु मुझे सकुशल पाकर प्रसन्न हो गए| मन्दिर में रात्रि व्यतीत करने वाली घटना मैंने घर में सभी को बताई, तो मां ने मुझे वहां पर फिर न जाने की हिदायत दी| मां ने कहा - 'उस मन्दिर में कोई जाता नहीं है, वहां पर रात में औघड़ तांत्रिक नर बलि एवं पशु बलि दे कर कई क्रियाएं करते हैं| वहां पर जो भी जाता है, वह या तो पागल हो जाता है, या उसकी मृत्यु हो जाती है| अब तुम उधर कभी मत जाना|'

मेरा परिक्षण कर मां ने जब मेरा माथा छुआ, तो बोली, - 'तेरा माथा तो तप रहा है, तुझे तो तेज बुखार है, यह सब उस मन्दिर में जाने से ही हुआ है|'

बुखार में ही लेटा रहा घर में रात्रि मुझे पुनः स्वप्न आया, और मुझे पुनः संन्यासी के दर्शन हुए उन्होनें कहा - 'बेटा! तू व्यर्थ में परेशान हो रहा है, तेरी तबीयत तो वर्षा में भीग जाने से खराब हुई है, वैसी कोई बात नहीं है जसी तू या तेरे घर वाले सोच रहे हैं|  उल्टे जंगली माई तो तुम पर बहुत प्रसन्न है, तुने मन्दिर की धुलाई कर, मूर्ती साफ कर उस पर पुष्प चढ़ाएं हैं इतने वर्षों के बाद| वहा कोई औघड नहीं है, तू वहां नित्य सुबह जाकर फूल चाढाएगा तो  तेरा कल्याण होगा, देवी स्वयं तेरा कल्याण करने को आतुर है|'

दुसरे दिन प्रातः निद्रा खुली तो यद्यपि बुखार तो अभी भी था, परन्तु मैं मन में पुरी तरह आश्वस्त था कि निश्चय ही मेरे जीवन में किसी शक्ति की कृपा हो रही है| पिताजी की औषधियों से दो दिन में मैं स्वस्थ हो गया और अगले दिन से नित्य सुबह मैं उस मन्दिर में जाता, वहां साफ सफाई कर पुष्पादि चढ़ाकर अगरबत्ती आदि लगाकर आ जाता| मात्र इतनी ही थी मेरी पूजा या साधना| परिणाम यह हुआ कि कुछ ही दिनों में मुझे देवी के दर्शन हुए और उसके बाद फिर एक के बाद एक मुझे सफलता मिल गई, प्रतिभा और क्षमता का ऐसा विकास हुआ कि कॉलेज में उच्च स्थान आने लगा, बाद में उच्च श्रेणी का सरकारी पद प्राप्त हुआ, घर परिवार में हर प्रकार के साधन उपलब्ध हो सके, ये सब मात्र बचपन में कुलदेवी के मन्दिर में की गई सेवा के फलस्वरूप हुआ है|

आज के कुछ वर्ष पूर्व मैं किसी कार्यवश ट्रेन द्वारा यात्रा कर रहा था कि गुजरात वडोदरा स्टेशन पर एक सज्जन से मेरी मुलाक़ात हुई जो कि मेरी ही सीट के सामने आकर बैठे थे| उनके हाथ में 'मंत्र-तंत्र-यंत्र विज्ञान' का जुलाई-९३ का अंक देखा, जिस पर सदगुरुदेव निखिलेश्वरानन्द जी का संन्यासी चित्र छपा था| कवर के चित्र को देख कर मैं एकदम से चौंक गया, क्योंकि वह चित्र बिल्कुल उस संन्यासी के चेहरे से मिलता था, जिन्होनें मुझे मेरी कुल देवी के बारे में जानकारी दे कर स्वप्न में मुझे उनकी सेवा करने का आदेश दिया था| बाद में मैंने उन सज्जन द्वारा जानकारी प्राप्त कर पूज्यपाद सदगुरुदेव डॉ नारायण दत्त श्रीमाली अर्थात स्वामी निखिलेश्वरानन्द जी से गुरु दीक्षा प्राप्त की| उन्हीं ने मुझे कुलदेवता/देवी की प्रामाणिक साधना स्पष्ट की, जिससे मैं अपनी कुलदेवी और कुल देवता के पूर्ण दर्शन कर कृत-कृत्य हो सका|

आज भी जब भी मैं किसी समस्या से ग्रस्त हो जाता हूं, तो मुझे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप में कुलदेवी के दर्शन हो जाते हैं| समय बीता और मैं तो शहर चला गया पर गाँव के सदस्य आज उस मन्दिर में बड़ी श्रद्धा से जाकर पूजन करते हैं, आज वहां एक पुजारी अलग से नियुक्त है| कुलदेवी की कृपा से आज गाँव में हमारे कुल के सभी घरों में सम्पन्नता है, और लोग विकास कर रहे हैं| उसके बाद तो पूज्य गुरुदेव के सान्दिध्य में मैंने और भी साधनाएं संपन्न की, परन्तु जो सफलता और प्रत्यक्षीकरण की स्थिति मुझे इस साधना में मिली उतनी अधिक सफलता मुझे अन्य साधानाओं में न मिल सकी| निश्चय ही कुल देव या देवी अपने कुल के मनुष्यों के संरक्षक होते हैं, परन्तु जब हम स्वयं ही अपने कुल के देवता की सहायता न लेकर अन्य कही भटकते हैं, तो उन्हें कष्ट होता है, और वे सहायता करना चाहते हुए भी असमर्थ हो जाते हैं, और फिर उन के खिन्न या रुष्ट रहने पर परिवार में समृद्धि, सुख, सफलता होनी चाहिए थी, वह हो नहीं पाती हैं|

-मंत्र-तंत्र-यंत्र विज्ञान, जनवरी २००७

गुरुवार, 3 सितंबर 2009

जब गुरुदेव से प्राप्त हुई - पराम्बा दीक्षा

जिस प्रकार एक बालक मां के गोद में होता है और मां उसके सर पर हाथ फेरती हुई निर्भयता प्रदान करती है उसी प्रकार सदगुरुदेव अपने शिष्य के मस्तक ललाट पर स्पर्श कर उसे शक्ति से युक्त करते है। यही तो शक्तिपात की क्रिया है। जिसमे शक्ति का एक अविरल प्रवाह गुरु से शिष्य को प्राप्त होता है।

शाक्त-उपासकों-साधकों की यह इच्छा रहती है कि उन्हें भगवती जगदम्बा पराम्बा आद्या शक्ति के दर्शन हो, यह सम्भव है केवल गुरु कृपा और गुरु शक्तिपात से। मेरा सौभाग्य है कि सदगुरुदेव से मुझे 'पराम्बा शक्तिपात दीक्षा' प्राप्त हुई और मैं माँ भगवती की साधना निरंतर कर सका।

देवालयों की मधुर घंटा ध्वनि ! कुमारिकाओं का झुंड देव पूजन कर वापिस चल पडा था। बगल में माँ गंगा की निर्मल धारा अविराम गतिशील थी, वहीं मेरी आत्मा के छवि, जिसकी प्रतीति गुरु चरणों से हो सकी थी। प्रथम बार मैंने अनुभव किया, एक गंगा मेरे भीतर भी सतत प्रवाहमान है। इसी निर्मल आकाश का प्रतिबिम्ब लिए हुए और उस पुण्यसलिला गंगा की एक-एक हिलोरे मन में उतर कर आसुओं के रूप में तरंगित हो उठी।

बचपन से मातृहीन था, तब भी किसी की माँ-माँ की पुकार मात्र से मेरी आखें सजल हो उठातीं। किसीप्रकार धरा पर लौटते हुए ह्रदय की ज्वाला शांत करने का यत्न करता। पिताअवश्य ही ऋषितुल्य व्यक्ति थे, उनके प्रगाढ़ धर्मानुराग से ही मेरे भीतर सदभावना के बीजों का अंकुरण हुआ था। लेकिन 'मां-मां' पुकार से शान्ति बोध करने पर भी 'मां' ही प्राणी मात्र का सर्वस्व है - इस सत्य का बोध न हुआ। सदा ही यह आकांक्षा बनी रहती, कि एक सजीव मूर्तिमयी मां का दर्शन लाभ प्राप्त करून, जिसकी स्निग्ध , ज्योतिर्मय दृष्टी से यह दग्ध ह्रदय ही बदल जाय।

मातृ-भाव की इस चरम क्षुधा को शांत करने का कोई उपाय न था। यत्र-तत्र परिव्राजक के समान भ्रमण करता फिरता रहा, परन्तु अपने प्राणों के लिए जिस वास्तु को व्याकुल भाव से खोज रहा था, उसे कहीं न पाने से, ज़रा भी तृप्ति नहीं होती थी, संसार की किसी भी योग्य वास्तु में मेरे लिए कोई आकर्षण नहीं था, ह्रदय में जो व्याकुलता, वेदना घनीभूत होकर मुझे पीड़ित कर रही थी, उसके प्रभाव से संसार का कोई भी रमणीय दृश्य चित्त में परिवर्तन नहीं कर सका था। घंटों मौन भाव से किनारे बैठा संन्यासी वेश धारियों को निहारा करता था, कि ... शायद कहीं कोई अवलंबन मिल जाय।

जीवन के इस वर्तुल में वह क्षण भी आ पहुंचा, जब स्वयं काल ने ही मुझे धकेल कर उस पथ पर खडा कर दिया, जो गुरु का पथ है, शाश्वत पथ। निश्चित रूप से उस नित्य लीला विहारिणी की इच्छा के बिना, उसकी कृपा गुजरे बिना, कोई शाश्वत पथ पर जा ही नहीं सकता। यह न तो मेरे पुण्य कर्मों का सफल लगा और न ही मेरा कोई प्रकृति प्रदत्त अधिकार, बल्कि प्रकृति स्वरूपा मां भगवती ही कोई कृपा-कटाक्ष, उनकी अनुकम्पा मुझे गुरुदेव के पास ले चला, ... बिना शक्तिमय हुए भला कौन गुरु साहचर्य में जा सका है?

... और इस प्रकार जगज्जननी काल के किसी विशेष क्षण पर आरूढ़ होकर, मेरी उंगली पकड़ कर उस चैतन्य माध्यम तक ले आयीं, जो परम पूज्य गुरुदेव का पवित्र विग्रह है। मेरा परिचय मेरे प्राणाधार गुरु से करवा आयी। परन्तु जो कटाक्ष, जो संकेत आज गूढ़ रहस्यों को उदघाटित करते प्रतीत हो रहे है, तब क्या वे समझ में आ सके थे? पूर्णतया अनजान था मैं ... एक अबोध शिशु की ही भांति, जिसे किसी हलचल व् उत्सव का बोध तो है, किंतु वह उसका कारण अर्थ नहीं समझता। उस समय तो सब कुछ एक कौतुक ही लगा था।

शुष्क देह में प्राणों का संचार
गुरु दीक्षा प्रदान करने के उपरान्त गुरुदेव समझा रहे थे - 'शक्ति मंत्र तुम्हारा इष्ट है। जगज्जननी महाशक्ति की मातृभाव से उपासना करके ही तुम्हें साधना क्षेत्र में अग्रसर होना होगा। अभी से उसके लिए प्रस्तुत हो जाओ, स्वयं संतान होकर जगज्जननी को प्रत्यक्ष अनुभव करने की अभिलाषा करो तथा समग्र रमणी मूर्ति में ही उस परम मातृशक्ति को देखने का अभ्यास करो'। इस प्रकार मेरी अन्तः प्रकृति को अपने विशुध्व दिव्य चक्षुओं के माध्यम से गुरुदेव ने पल भर में ही भांप लिया था।

मन में विचित्र आन्दोलन उपस्थित हुआ। मंत्र साधना, अनुष्ठान आदि के गूढ़ विषयों पर तो कभी मेरा ध्यान ही नहीं गया था। अत्यन्त असहाय और कातर नेत्रों से सर उठा कर गुरुदेव की और निहारने लगा। कुछ क्षणों में मेरी आग्रहपूर्ण प्रार्थना का स्नेहिल प्रत्युत्तर मिला। स्मित हास्य के साथ गुरुदेव कह रहे थे- 'तुम्हारी अन्तः वेदना मुझसे छिपी नहीं है, आज ही तुम्हें विशेष शक्तिपात युक्त दीक्षा प्रदान करूंगा। योग कि कठिन क्रियाओं में जीवन खपाने की फिर तुम्हें कोई आवश्यकता नहीं होगी, दीक्षा के द्वारा वही असंभव प्रतीत होने वाला कार्य क्षण भर में पूर्ण हो सकता है'।

दिवस पर्यंत निराहार रहने के उपरांत जब डूबते सूरज की सिन्दूरी रंग पत्ते-पत्ते पर बिखरता हुआ गुरुधाम को लालिमा और सुनहरी आभा से भरता हुआ मानों गुरु चरणों में अभ्यर्थना कर रहा था, पूज्यपाद गुरुदेव मुझे आंगन में बिठा कर दीक्षा देने में संलग्न थे - "पूर्ण शक्तिपात युक्त पराम्बा दीक्षा' - जिसमें मेरी अंतर्देह को विशिष्ट मंत्रों और अपनी तेजस्विता व् तपः ऊर्जा द्वारा झंकृत कर रहे थे; पुरे अंतराल में मैं अपने शरीर के कण-कण में नविन प्राणों को संचरण स्पष्ट अनुभव कर रहा था। दीक्षा के अंत में रोम-रोम में गुंजरित होती पूज्यपाद के आर्शीवाद की ध्वनि, वृक्ष पल्लवों से छन कर आती शरद की सुखद उष्मा युक्त सूर्य की किरणों के समान मुझे चैतन्य व् पुलकित कर गई थी।

तद्पुरान्त एक विशिष्ट यंत्र एवं प्राणाश्चेतानायुक्त दिव्य माला प्रदान कर मुझे वापस लौट जाने की आज्ञा मिली। मैं भावविभोर हो चला था। अन्ततः गुरु चरणों में सर्वस्व आत्म समर्पण का संकल्प करते हुए वापिस काशी की और प्रस्थान किया। मंत्र तथा उसके विधि-विधान को स्पष्टता के साथ डायरी में लिख लिया था, परन्तु साधनात्मक पृष्ठभूमि न होने के कारण मेरा मन सदैव आशंकित रहता, अनुष्ठान प्रारंभ करने का साहस ही नहीं कर पा रहा था। कभी-कभी क्षुब्ध होकर सोचता, केवल युक्ति तर्क के द्वारा साधक के लिए आध्यात्मिक जीवन में अग्रसर होना सम्भव नहीं। विश्वास ही मूल है, जो लौकिक दृष्टि से असंभव प्रतीत होता है, विश्वास के बल से ही वह संघटित हो सकता है। अतः मन-प्राण से सदगुरू का आश्रय ग्रहण कर लिया, कि वे स्वतः ही ढकेल कर आगे ले चलेंगे।

इसके आगे कुछ बोध ही कहां था? न कोई भावभूमि, न ही कोई उच्चता। परन्तु दीक्षा के बाद से ही मां का आकर्षण ह्रदय में प्रगाढ़ भाव से अनुभव करता। साथ ही संसार की सभी विघ्न-बाधाओं के मध्य भी उन नित्य चैत्यन्य स्वरुप श्री गुरुदेव की छवि, उनकी मनोहारी स्निग्ध दृष्टी हर समय मुझे पागल भाँती आकुल कर रही थी, उनकी कृपा प्राप्त करने के लिए हर क्षण ह्रदय में उत्कंठा रहती। कब उनके श्री चरणों में आश्रय पाकर नित्यानन्दमयी मां का दर्शन लाभ कर सकूंगा - सदैव एकमात्र यही ध्यान रहता। अन्तर ही गहन पीडा के प्रभाव से धीरे-धीरे अन्न-जल सब छूटने लगा।

निराहार, अनिद्रा और मन की व्याकुलता ही मुझे गंगा तट पर खींच लायी थी, ज्यों बिछडा हुआ बछडा अपनी मां को खोजता है, वैसी ही मैं कुछ देर बैठे रहने के उपरांत इधर-उधर चक्कर काटने लगा। उस समय मेरे ह्रदय में भी मां के कल्पित श्री चरणों के लक्ष्य की निरंतर उच्छवास ध्वनि हो रही थी, उनके बिना जीवन की कल्पना भी भयावह प्रतीत होने लगी। सायं काल गंगा जल का पान कर वहीं घाट पर निद्रा के आगोश में खो गया।

सजीव जगज्जननी का दर्शन
दुसरे दिन ब्रह्म मुहूर्त में ही, जब क्षुधा की ज्वाला से पीड़ित एवं ह्रदय की वेदना से दग्ध चुपचाप लेटा हुआ मैं सूर्योदय की प्रतीक्षा कर रहा था, कि कुछ अदभुद सा सुनाई पडा। ऐक स्त्री उस घाट पर आकर मेरा नाम लेकर मुझे पुकार रही थी। अभी तक मैं आखें बंद कर चिंतन कर रहा था; उसकी पुकार को सुन मैंने नेत्र खोले और ध्यान से देखने लगा -

रक्त वर्णीय परिधान से सुशोभित एक तरुण स्त्री मेरे सम्मुख ही खडी थी। उसके हाथों में स्वर्ण निर्मित एक थाली थी। उसकी आकृति अत्यन्त दिव्य व् लावण्यमयी थी, केशर मिश्रित दुग्ध सा गौर वर्ण, मेघ रुपी लहराती खुली केश राशि व् ग्रीवा में गुलाब के पुष्पों का कंठाहार... लगा जैसे उसके रोम-रोम से प्रकाश फूट कर पुरे स्थान को आलोकित कर रहा है। मैंने नेत्र पुनः भींच लिए। स्निग्ध प्रकाश होने पर भी वह इत्नना तीव्र था, कि दूसरी बार देखने का साहस ही नहीं हुआ।

पूरा वातावरण दिव्य, मनमोहक सुगंध से आप्लावित हो उठा था। इसी अवस्था में मैं उस देव स्वरूपिणी स्त्री के साथ अत्यन्त अंतरंगता से वार्तालाप करने लगा, मानों मैं जन्म जन्मान्तर से उनका अत्यन्त परिचित हूँ। तभी दूसरा आर्श्चय यह हुआ, कि नेत्र बंद करने पर भी ऐसा अनुभव हुआ, जैसे वह प्रकाश अपने भीतर से बाहर फूट रहा हो। उस स्त्री ने पुकार कर अत्यन्त स्नेहपूर्ण स्वर में कहा- 'गंगा स्नान नहीं करोगे, विलंब हो रहा है।'

अब मैंने हाथ की अंगूलियों की दरार से थोडा नेत्र खोल कर देखा - वे स्वर्ण थाली में पुष्प चुन रही थी। उस निर्जन स्थान पर एक अश्वत्थ वृक्ष के चातुर्दिक नाना प्रकार के फूलों के व् तुलसी के पौधे लगे हुए थे, उन्हीं में से वे तुलसी दल चुन कर थाली में सजा रही थी।

प्रेम की साकार पून्जस्वरूपा उन्होनें पुनः कहा - 'चलो! गंगा स्नान कर लो।' बिना किसी संकोच के मैंने भोलेपन से उत्तर दिया - 'हमारे घर में गंगा स्नान के लिए तिल, धुप, दीप आदि की आवश्यकता होती है'... कहने के साथ मैंने देखा, उसकी थाली में तिल, धुप, हर्रे, दीप रखे हुए हैं। मैं विस्मय से संकुचित हो उठा।

उन्होनें मृदु भाव से हंसते हुए कहा - ' तुम यहाँ क्यों आए हो? मैं तो सभी के भीतर हूं।'

उस समय मैं अपने भीतर एक अत्यन्त मधुर शब्द का गुन्जरण सुनने लगा। वह किस प्रकार का शब्द था, वह वर्णन नहीं किया जा सकता, पर मुझे वह वीणा और बांसुरी की मिश्रित ध्वनि के समान अनुभव हुआ, उस दिव्य स्वर माधुरी से विमोहित हो मैं स्वयं को भूलने लगा।

तभी उन्होनें मुझे अपना मुंह खोलने की आज्ञा दी, जैसे ही मैंने अपना मुंह खोला, मुंह खोलते ही मुझे सुनाई पडा, कि मेरे मुंह और कर्णछिद्रों के भीतर से वह ध्वनि निकल रही है।

पुनः मुझे चैतन्य करते हुए उनकी वाणी गुंजरित हुई - 'मैं इस शब्द के पीछे ज्योतिर्मय आलोक रूप में हूं और आलोक के पीछे सर्वदर्शी, सर्वसाक्षी के रूप में विश्व ब्रह्माण्ड में व्याप्त हूं।' इतना कह कर वह मंथर गति से गंगा की और बढ़ गयीं। मंत्रमुग्ध की भांति मैं पीछे-पीछे चलने लगा।

महाशक्ति का लीला विलास
स्नान घाट के निकट ही महाश्मशान था, वहीं जाकर वे रूक गयीं। उनकी आंखों में आसीम करूणा और वात्सल्य का निर्झर प्रवाहित हो रहा था, मेरे मस्तक पर अपना दाहिना रख कर वे बोली - 'घर लौट जाओ। मैं तुम्हारे घर के मन्दिर में स्थायी रूप से रहूंगी। तुम्हारी अत्यन्त उच्चस्तरीय दीक्षा के कारण ही मुझे यहां आने को बाध्य होना पडा, पर स्थायी रूप से मुझसे व्यवहार करने के लिए साधना पथ पर अग्रसर होना आवश्यक है। इसके लिए गुरु कृपा ही एकमात्र संबल है, उनकी कृपा के बिना पूर्णत्व सम्भव के पथ पर कुछ भी लाभ की संभावना नहीं। सत्य दर्शन होने पर भी जिसके द्वारा जीवन का वास्तविक, अत्यन्त जाज्वल्यमान ब्रह्म स्वरुप का दर्शन लाभ कर सकोगे, अभी केवल बालक के समान उनका हाथ पकड़े रहो।'

इतना कह कर उनका हाथ अभय मुद्रा में उठ गया। हाथ का उठना था, कि मेरे नेत्रों के समक्ष कई-कई सूर्यों का प्रकाश, जो अत्यन्त शीतल था, जगमगा उठा और उसी के मध्य मैंने देखा - परम आराध्य श्री गुरुदेव श्रीमालीजी राथारूड अप्पोर्व तेजस्विता और शरत चन्द्र की भांति निर्मल प्रसन्नता का प्रसार था, रोम-रोम से असीम ममत्व और करूणा प्रस्फुटित हो डिग-इगंत को आलोकित कर रही थी... दूसरे ही क्षण दृश्यपटल साफ हो गया, वे देवी भी अंतर्ध्यान हो चुकी थी।

पूर्ण ब्रह्ममयी उन जगज्जननी को साष्टांग प्रणाम कर मैं घर लौट चला। प्राची में सूर्योदय हो चुका था, पर मेरे मन में तामस को भेदने वाले उन कोटि-कोटि शीतल सूर्यों के प्रकाश में मैं अपनी परमवात्सल्यमयी शाश्वत मां का परिचय गुरुदेव के रूप में पा चुका था।

-मंत्र-तंत्र-यंत्र विज्ञान, अगस्त २००९